
गदागंज रायबरेली
ग्राम बराराबुजुर्ग निवासी रीता सिंह ने अपने पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना गदागंज में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने अनुराग सिंह, विशाल सिंह, शिवांशु सिंह और दो अज्ञात व्यक्तियों पर लगातार प्रताड़ित करने, गाली-गलौज करने, दीवार गिराने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
प्रार्थिनी का कहना है कि उसका पति मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहता है, जिसका फायदा उठाकर प्रतिपक्षीगण उन्हें आए दिन परेशान करते हैं। दिनांक 27 अक्टूबर 2024 को सुबह करीब 6 बजे सभी प्रतिपक्षी एकजुट होकर रीता सिंह के घर के सामने पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज की, मना करने पर धक्का देकर उनकी पुरानी दीवार गिरा दी और दीवार हटाने की धमकी देते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया, तो वे रीता सिंह और उनके पति को विकलांग बना देंगे।
इसके साथ ही प्रतिपक्षीगण ने विवादित भूमि पर कब्जा करने और उसमें मिट्टी डलवाने की चेतावनी भी दी, यह कहते हुए कि इसमें किसी भी प्रशासनिक हस्तक्षेप की परवाह नहीं करेंगे।
रीता सिंह ने थानाध्यक्ष से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।